मुम्बई। रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अर्नब गोस्वामी को 53 साल के एक इंटीरियर डिजाइनर और उनकी मां की आत्महत्या के मामले में मुंबई पुलिस ने बुधवार को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। रिपब्लिक न्यूज चैनल का दावा है कि अर्नब को उस मामले में गिरफ्तार किया गया है, जो पहले ही बंद किया जा चुका है। पुलिस महानिरीक्षक (कोंकण रेंज) संजय मोहिते ने पुष्टि की कि अर्नब गोस्वामी को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हालांकि, उन्होंने अधिक विवरणों देने से इनकार कर दिया। मुंबई पुलिस ने आधिकारिक तौर पर नहीं बताया कि अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी किस मामले में हुई। बताया जा रहा है कि डिजाइनर अन्वय नाइक और उनकी मां कुमुद नाइक की कथित आत्महत्या मामले में उकसाने के आरोप के चलते आईपीसी की धारा 306 के तहत अर्नब को गिरफ्तार किया गया है। मई 2018 में आत्महत्या से पहले लिखे एक खत में अन्वय नाइक ने आरोप लगाया था कि अर्नब गोस्वामी ने रिपब्लिक नेटवर्क के स्टूडियो का इंटीरियर डिजाइन कराने के बाद भुगतान नहीं किया था। इधर अर्नब गोस्वामी ने आरोप लगाया है कि मुंबई पुलिस ने सुबह घर में घुसकर उनके साथ हाथापाई की। देखिये वीडियो क्लिप जिनमें पुलिस, गोस्वामी के घर के अंदर घुसती दिख रही है और बातचीत हो रही है।
शिवपुरी में दिया मीडिया ने ज्ञापन
इधर मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में बुधवार को पत्रकार अर्णव गोस्वामी पर महाराष्ट्र सरकार द्वारा की गई द्वेषपूर्ण कार्यवाही (गिरफ्तारी) के विरोध में ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने रोष जताया। शिवपुरी के पत्रकारों ने मप्र मीडिया संघ के बैनर तले एक ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर मनोज गरवाल शिवपुरी को सौंपा। पत्रकारों ने अर्णव गोस्वामी की गिरफ्तारी को महाराष्ट्र सरकार की दमनकारी नीति बताया।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें