राष्ट्रीय बालिका दिवस
आज महिलाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं- मंत्री सुरेश धाकड़ राठखेड़ा
शिवपुरी। राष्ट्रीय बालिका दिवस 24 जनवरी को पूरे प्रदेश के साथ ही जिले में भी मनाया गया। इस अवसर पर महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही बेटियों और महिलाओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम को संबोधित किया और पंख अभियान का शुभारंभ किया। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जिले में लाइव प्रसारण किया गया, जिसे कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं बेटियों और महिलाओं ने सुना।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित प्रदेश के लोक निर्माण विभाग राज्यमंत्री सुरेश धाकड़ राठखेड़ा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। आज पूरे प्रदेश में राष्ट्रीय बालिका दिवस एक उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। चाहे कोई भी क्षेत्र हो महिलाएं आत्मनिर्भर होकर आगे बढ़ रही हैं और प्रदेश सरकार भी मातृशक्ति की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। शासन द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। मंत्री श्री धाकड़ ने कहा कि बेटियों को खूब पढ़ना है। पढ़ाई में कोई कटौती नहीं करना और आगे बढ़ना है।
पूर्व विधायक श्री प्रहलाद भारती ने कहा कि भारत को मातृभूमि के रूप में जाना जाता है। महिलाओं ने कई क्षेत्रों में उत्कृष्ट नेतृत्व प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को समान अधिकार मिले इसके लिए शासन प्रशासन के साथ ही हम सभी को आत्मनिर्भर होना पड़ेगा।
जिला स्तरीय इस कार्यक्रम का आयोजन मानस भवन में किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल, जिला पंचायत सीईओ एच.पी.वर्मा, अपर कलेक्टर आर.एस.बालोदिया, डिप्टी कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल, एनआरएलएम के जिला प्रबंधक अरविंद भार्गव, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र सुंदरियाल एवं सहायक संचालक आकाश अग्रवाल भी उपस्थित रहे। जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र सुंदरियाल ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम की जानकारी दी।
इन आंगनवाड़ी भवनों का लोकार्पण
राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिले में पांच नए आंगनबाड़ी भवनों का लोकार्पण किया गया। इसमें विकासखंड बदरवास की ग्राम पंचायत बड़ोखरा, ग्राम पंचायत अम्हारा, कोलारस विकासखंड की ग्राम पंचायत राजगढ़, पोहरी विकासखंड की ग्राम पंचायत भीलोडी और विकासखंड करैरा की ग्राम पंचायत सिल्लारपुर में नवनिर्मित आंगनवाड़ी भवनों का लोकार्पण किया गया।
इन बेटियों और महिलाओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में शासकीय व अशासकीय विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की बेटियों एवं महिलाओं को कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। जिसमें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की अंतर्गत स्वसहायता समूह की महिला सदस्य श्रीमती निशा राजपूत, श्रीमती सुनीता आदिवासी, श्रीमती सरोज कुशवाहा, महिला किसान किरन रावत, गीताबाई, कलिया धाकड़, आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. ज्योति शर्मा, स्टाफ नर्स श्रीमती पीसा उमन, ओटी टेक्नीशियन सुश्री नीतू लाखनौद, आशा कार्यकर्ता श्रीमती नीलम शर्मा, श्रीमती भारती बरेठा, पलक माहौर, राखी बाथम, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती शिवांगी अग्रवाल, जनसंपर्क अधिकारी सुश्री प्रियंका शर्मा, निरीक्षक पूनम सविता, उप निरीक्षक श्रीमती दीप्ति तोमर, सूबेदार नीतू अवस्थी, सूबेदार गायत्री इटोरिया, उप निरीक्षक प्रियंका पाराशर, महिला एवं बाल विभाग विकास विभाग से कंचन गौड़, शशि शिवहरे, पिंकी आर्य, रजनी सेन, ग्राम प्रधान श्रीमती परवीन मल्होत्रा, स्वच्छता प्रेरक श्रीमती मनीषा राजपूत, श्रीमती रामश्री चंदेल, छात्रा हर्षिता शर्मा एवं सौम्या महेश्वरी, शिक्षिका श्रीमती प्रतिभा राठौर, कु. मुस्कान शेख, कु. नैना शर्मा, कु.नीरू डांडा, कु.राजनंदनी रावत, प्रोजेक्ट ऑफिसर श्रद्धा जादौन, नेशनल लेवल योगा चैंपियन पलक तोमर, कथक नृत्यांगना रिधिमा शर्मा, श्रीमती भगवती बाथम, सुपोषण सखी नीलम प्रजापति एवं सोनम शर्मा शामिल है।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें