Responsive Ad Slot

Latest

latest

शिवपुरी देश भर के महिला समूहों का उदाहरण बनेगी: सीएम शिवराज

शुक्रवार, 1 अक्टूबर 2021

/ by Vipin Shukla Mama
मुख्यमंत्री चौहान ने महिला आजीविका औद्योगिक सहकारी संस्था को सौंपी
“टेक होम राशन संयंत्र’’ की चाबी
शिवपुरी। जन कल्याण और सुराज अभियान के तहत मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को शिवपुरी में 17.35 करोड़ लागत के “टेक होम राशन संयंत्र’’ की चाबी महिला आजीविका औद्योगिक सहकारी संस्था को सौंपी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ग्वालियर-चंबल संभाग की महिलाओं द्वारा संचालित यह संयंत्र पूरे देश के महिला स्व-सहायता समूहों के लिये बड़ा उदाहरण बनेगा। संयंत्र का मुनाफा महिला स्व-सहायता समूहों को दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि केवल ठेकेदार और बड़े कारोबारी ही उद्योग नहीं चला सकते, महिलायें भी अब उद्योग धंधे चलाने में सक्षम हो चुकी हैं। इसी सोच के साथ शिवपुरी के “टेक होम राशन संयंत्र’’ के संचालन की जिम्मेदारी महिला संस्था को सौंपी गई है। उन्होंने कहा प्रदेश में अब महिलायें भी कल-कारखाने चलायेंगीं। इसके लिये प्रदेश सरकार उन्हें हर संभव मदद देगी।  
शिवपुरी के इस “टेक होम राशन संयंत्र’’ का संचालन अभी तक एमपी एग्रो द्वारा किया जा रहा था। अब इसका संचालन महिला आजीविका सहकारी संस्था द्वारा किया जाएगा। जिससे इसका सीधा लाभ महिलाओं को मिलेगा और उनके जीवन स्तर में बदलाव आएगा।साथ ही महिला सशक्तिकरण को भी बल मिलेगा। आरंभ में मुख्यमंत्री श्री चौहान सहित सभी अतिथियों का तुलसी का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संयंत्र का अवलोकन भी किया।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, शिवपुरी जिले के प्रभारी एवं पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया, सांसद श्री के पी यादव एवं लोक निर्माण राज्य मंत्री श्री सुरेश धाकड़, जिलाध्यक्ष राजू बाथम सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
ग्वालियर-चंबल संभाग के 8 जिलों की महिला समूहों से बनी है यह समिति
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत वर्ष 2018 में महिला आजीविका औद्योगिक सहकारी समिति शिवपुरी मर्यादित का गठन हुआ था। इस समिति में ग्वालियर संभाग के सभी 5 और चंबल संभाग के सभी 3 जिले शामिल हैं। यही समिति अब “टेक होम राशन संयंत्र’’ का संचालन करेगी।
पोषण आहार कारखाने अब ठेकेदार नहीं महिला स्व-सहायता समूह चलायेंगे – मुख्यमंत्री श्री चौहान
मुख्यमंत्री श्री चौहान शिवपुरी में जनकल्याण और सुराज अभियान के तहत आयोजित हुए महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में शामिल हुए  
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में पोषण आहार बनाने का कारखाना अब कोई ठेकेदार नहीं बल्कि स्व-सहायता समूह की महिलायें चलायेंगीं। उससे होने वाला लाभ भी स्व-सहायता समूह की महिलाओं के खाते में जायेगा। इसके साथ ही महिलाओं को सशक्त करने की दिशा में सरकार हर संभव कार्य करेगी। स्व-सहायता समूह की महिलायें ही स्कूल के बच्चों के गणवेश सिलने का कार्य करेंगीं, राशन की दुकानें भी स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से संचालित की जायेंगी। साथ ही उपार्जन का कार्य भी स्व-सहायता समूह की महिलाओं को दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को शिवपुरी जिला मुख्यालय पर जन-कल्याण और सुराज अभियान के तहत आयोजित हुए महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की 20 हजार महिला स्व-सहायता समूहों को क्रेडिट लिंकेज के अन्तर्गत ढ़ाई सौ करोड़ रूपये की आर्थिक सहायता वितरित की। साथ ही सिंगल क्लिक के जरिए ही सहरिया, बैगा और भारिया जनजाति की 2 लाख 27 हजार 687 महिलाओं को 22 करोड़ 77 लाख रुपये का आहार भत्ता और बाढ़ पीड़ितों को 163 करोड़ 28 लाख रूपये राहत राशि के रूप में वितरित किये गए। उन्होंने इस अवसर पर शिवपुरी जिले के 80 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी सिंगल क्लिक से किया। जिसकी लागत 305 करोड़ रूपए है।
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री सिंधिया भी कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए
दिल्ली से वर्चुअली रूप से केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी इस कार्यक्रम से जुड़े। शिवपुरी में आयोजित कार्यक्रम में शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, लोक निर्माण राज्य मंत्री श्री सुरेश रायखेड़ा एवं गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री के पी यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि मध्यप्रदेश में पोषण आहार तैयार करने के कारखाने अब कोई ठेकेदार नहीं चलायेगा बल्कि स्व-सहायता समूहों की महिलायें ही चलायेंगीं। हमने महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं को कारखानों का मालिक बना दिया है। पहले ये कारखाने एमपी एग्रो के माध्यम से ठेकेदार चलाते थे। इन कारखानों के माध्यम से 800 करोड़ रूपए प्रति वर्ष का कार्य किया जाता था। अब यह कार्य स्व-सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से होगा और उसका लाभ भी सीधे उनके खाते में पहुँचेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बच्चों के लिए पोषण बनाने का कार्य माँ, बहनों से अच्छा कोई नहीं कर सकता है।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से तय किया गया है कि अब प्रदेश में स्कूली बच्चों के गणवेश सिलाई का कार्य किसी ठेकेदार के माध्यम से नहीं बल्कि स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से किया जाएगा। स्व-सहायता समूह की महिलायें ही स्वयं कपड़ा खरीदेंगीं और सिलाई करेंगीं। इसका पूरा लाभ उनके खाते में जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने यह भी कहा कि प्रदेश में अब राशन की दुकानों का संचालन और समर्थन मूल्य पर खाद्यान्न खरीदने का कार्य भी स्व-सहायता समूह की महिलाओं को दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गरीबों और किसानों के कल्याण में सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। हमने अब संबल योजना पुन: प्रारंभ कर दी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने यह भी कहा कि संकट की हर घड़ी में सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है। कोविड-19 हो या बाढ़ आपदा, सरकार ने प्रभावितों के साथ खड़े रहकर उन्हें हर संभव सहायता भी उपलब्ध कराई है। बाढ़ से जिन लोगों की खेती किसानी प्रभावित हुई उन्हें भी राशि उपलब्ध कराई गई है।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हर आवासहीन को आवास उपलब्ध कराना हमारा संकल्प है। पति, पत्नी और बच्चों को यूनिट मानकर आवास का पट्टा उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभा में सभी से आह्वान किया कि वे अपने बेटा-बेटियों को खूब पढ़ाएं। कमजोर व्यक्तियों के बच्चों की पढ़ाई के लिये उनकी फीस प्रदेश सरकार भरेगी।
शिवपुरी में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअली रूप से जुड़े केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए आज का दिन बहुत ही ऐतिहासिक दिन है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने महिला सशक्तिकरण के लिए स्व-सहायता समूह की महिलाओं को पोषण आहार तैयार करने के कारखाने का मालिक बनाकर आज चाबी सौंप दी है। केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में जो कार्य मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में हुए हैं वह अनुकरणीय है। प्रदेश में संचालित अनेक योजनाओं को देश के अन्य राज्यों ने स्वीकार कर अपने यहाँ संचालित किया है। केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि कुपोषण मिटाने के लिये सहरिया महिलाओं के खाते में एक हजार रूपए प्रतिमाह की राशि डालने का अनुकरणीय कार्य प्रदेश में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के माध्यम से ही प्रदेश और देश प्रगति के मार्ग पर तेजी से चल सकता है।
कार्यक्रम में शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया ने कहा कि मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में जो कार्य किया जा रहा है उसकी जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है। स्व-सहायता समूह की महिलाओं को सशक्त करने के लिए प्रदेश में ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। पोषण आहार तैयार करने के कारखाने का संचालन स्व-सहायता समूह की महिलाओं को दिया गया है। प्रदेश में संचालित अब 7 कारखानों की मालिक स्व-सहायता समूह की बहनें बन गई हैं। प्रभारी मंत्री श्री सिसौदिया ने कहा कि महिलाओं के कल्याण के लिये प्रदेश में अनेक योजनायें संचालित हैं। लाड़ली लक्ष्मी योजना व मुख्यमंत्री कन्यादान योजना जैसी अनेक योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को देखते हुए देश के अन्य राज्यों ने भी इसे अपने राज्य में लागू कर दिया है। श्री सिसौदिया ने बताया कि स्व-सहायता समूहों के द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की बिक्री के लिये अब प्रदेश में एक एप भी बनाया गया है। इसके माध्यम से समूह द्वारा तैयार की गई सामग्री को विक्रय हेतु बाजार उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा जो कार्य किया गया है उसकी गूँज न केवल मध्यप्रदेश में बल्कि पूरे देश में है। लाड़ली लक्ष्मी योजना के माध्यम से प्रदेश में 40 लाख बच्चियों को लाभान्वित किया गया है। बच्चियां पढ़ें और आगे बढ़ें। इसके लिये हजारों बच्चियों को साइकिल उपलब्ध कराई गई है। मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि इससे भी आगे बढ़ते हुए प्रदेश में अब पोषण आहार तैयार करने वाले कारखानों का मालिक भी स्व-सहायता समूह की महिलाओं को बनाया गया है। यह कार्य महिलाओ के हित में ऐतिहासिक कार्य है।
खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि कोविड-19 संकट का समय हो या हमारे अंचल में आई बाढ़ त्रासदी, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने संकट की घड़ी में हर संभव मदद की और लोगों को संकट से उबारने का कार्य किया है।
क्षेत्रीय सांसद श्री के पी यादव ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों के साथ-साथ जनकल्याण के कार्य भी मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में तेजी के साथ किए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि शिवपुरी जिले में पर्यटन की अपार संभावनायें हैं। शिवपुरी जिले के आस-पास उत्पन्न होने वाले टमाटर, धनिया एवं अन्य उत्पादों के लिये प्रोसेसिंग यूनिट भी उपयोगी साबित होगी। उन्होंने वन क्षेत्र को देखते हुए औषधि निर्माण यूनिट लगाने की आवश्यकता भी बताई।  
कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों को बैंक ऋण के चैक प्रदान किए गए। साथ ही जिन बैंक मैनेजरों द्वारा उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129