शिवपुरी-इंदौर। यूं तो देश विदेश तक शिवपुरी की प्रतिभा लोहा मनवा रही है, लेकिन बीच बीच में यह सिलसिला हिलोरे मारता है तो शिवपुरी निवासी होने पर गर्व का अनुभव होता है। आज फिर एक खुशखबरी इंदौर से आई है। जहाँ शिवपुरी निवासी अफजाल खान एसआई के पद पर तैनात हैं। उन्होंने शिवपुरी के बाल शिक्षा निकेतन छिब्बर स्कूल के साथ उत्कृष्ट विद्यालय से पढ़ाई की है और आज उस मुकाम पर जा पहुंचे हैं जहां उन्हें केंद्र सरकार का ग्रह मंत्रालय अति उत्क्रष्ट सेवा पदक 2021-22 प्रदान करने जा रहा है। उप निरीक्षक अफजाल खान को केन्द्रीय गृह मंत्रालय भारत सरकार, का अति उत्कृष्ट सेवा पदक 2020-21 मिलने पर जिले भर से लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।
पीआरटीएस इन्दौर में उप निरीक्षक हैं अफजाल खान
पुलिस विभाग की इकाई पीआरटीएस इन्दौर में उप निरीक्षक अफजाल खान को केन्द्रीय गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा गृह मंत्री का अति उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदाय किये जाने के आदेश जारी किये गये है, अफजाल खान पुलिस सेवा में सन् 2012 में भर्ती हुए हैं। उल्लेखनीय है कि अफजाल खान सेवानिवृत्त तहसीलदार एवं बॉलीवॉल के राष्ट्रीय खिलाडी इकबाल खान के सुपुत्र एवं आदिल खान बॉवी के भाई है।
इन महत्वपूर्ण खूबियों से मिल रहा सम्मान
उप निरीक्षक अफजाल खान द्वारा पुलिस कर्मियो को तकनीकि प्रशिक्षण के साथ ही अन्य राज्यों में सायबर अपराध एवं सुरक्षा पर आयोजित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रशिक्षण प्रदाय किया गया है। विभाग की नवीन तकनीक एवं प्रौद्योगिकी के बारे अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया। इसके अतिरिक्त स्कूल एवं कॉलेज के बच्चों को सायबर अपराध, सोशल मिडिया संबंधी अपराध एवं उससे बचाव की जानकारी प्रदान की गई।
कोरोना में भी दिखाई काबलियत
कोविड-19 महामारी के दौरान पुलिस अधि./कर्म. को वेबीनार के माध्यम से सतत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यही वजह है कि अति उत्कृष्ट सेवाओं आंतरिक प्रशिक्षण के लिये भारत सरकार द्वारा अफजाल खान को वर्ष 2020-21 का केन्द्रीय गृह मंत्रालय से अति उत्कृष्ट सेवा पदक अवार्ड किया गया, उक्त अवार्ड के लिये चुने जाने पर पीआरटीएस प्रमुख निदेशक, पुलिस महानिरीक्षक जी.जी. पाण्डेय, भापुसे तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी भापुसे एवं पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर चन्द्रावत ने बताया कि यह (ट्रेनिंग) संस्था के लिये गौरव का क्षण है। उप निरीक्षक अफजाल खान का व्यक्तित्व एवं कुशल कार्यशैली कर्तव्यपर्यारणता अन्य शासकीय सेवकों के लिये उत्साहवर्धन एवं प्रेरणा स्वरूप कार्य करेगी।
गर्व से खिले परिजनों के चेहरे
इस उपलब्धि पर शिवपुरी में उनके परिजन शमशाद खान, इरशाद खान, इस्तकार खान, अखलाक खान, आजाद खान सहित शुभचिंतको ने बधाई दी है।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें