Responsive Ad Slot

Latest

latest

धमाका बड़ी खबर: Russia Ukraine War : यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा, परमाणु संयंत्र पर कब्जे की कोशिश में रूस, यूरोप से मिसाइल डिफेंस सिस्टम मांगा, पीएम मोदी आज करेंगे रूस राष्ट्रपति से बात

गुरुवार, 24 फ़रवरी 2022

/ by Vipin Shukla Mama
दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति पुतिन द्वारा सैन्य कार्रवाई के आदेश के बाद रूस ने यूक्रेन पर मिसाइल हमले शुरू कर दिए हैं। इस हमले में कम से कम 50 लोगों की मौत हुई है। इनमें 10 आम नागरिकों के मारे जाने की खबर है। यूक्रेन ने भी रूस के 50 सैनिक मारने की बात कही। 
कीव के एयरबेस तक पहुंची रूसी सेना
यूक्रेन की सेना ने कहा है कि रूसी सैनिक अब राजधानी कीव के एयरबेस तक पहुंच गई है। फिलहाल यूक्रेनी सैनिक इसे बचाने की कोशिश में हैं। हालांकि, यूक्रेनी के पास सैनिकों की संख्या कम होने की वजह से उसके एयरबेस के ज्यादा देर तक सुरक्षित रहने की उम्मीद भी काफी कम है।
यूक्रेन राष्ट्रपति वोलोडाइमिर जेलेंस्की ने रूस के साथ राजनयिक संबंध तोड़ने का एलान कर दिया है। इस बीच रूस-यूक्रेन युद्ध को कैसे रोका जाए, इसे लेकर यूरोपीय संघ के उच्चायुक्त ने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से बात की है। इधर पीएम नरेंद्र मोदी यूक्रेन संकट को लेकर उच्चस्तरीय बैठक ले रहे हैं, आज रात तक पीएम मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात कर सकते हैं। भारत के विदेश सचिव ने गुरुवार को यूक्रेन संकट को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, "आपने रूस और यूक्रेन संकट को देखा है। इसे लेकर आज कैबिनेट की बैठक हुई है। हमने इस स्थिति पर नजर रखी है। हमारे लिए भारतीय नागरिकों की सुरक्षा प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से थोड़ी देर में बातचीत करेंगे। भारत में यूक्रेन के राजदूत ने आज सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी से गुहार लगाई थी कि वे युद्ध रोकने के लिए पुतिन से बात करें।
इधर भारतीयों को निकालने के लिए यूक्रेन के पड़ोसी देशों से भी बात की गई है।" रूस-यूक्रेन विवाद के कारण कई भारतीय छात्र यूक्रेन में फंस गए हैं, जिसे लेकर उनके माता-पिता चिंतित हैं। छात्र की मां ने बताया, "आज सुबह मेरे बेटे की फ्लाइट थी लेकिन कैंसल हो गई। मोदी सरकार से मेरी गुहार है कि यूक्रेन में मौजूद सभी भारतीय बच्चों को भारत लेकर आएं।"
यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने कीव में दूतावास के पास एक स्कूल में 200 से अधिक भारतीय छात्रों को इकट्ठा किया है।
यह हैं हालात
फ्रांस बोला- यूक्रेन पर हमला यूरोप के लिए टर्निंग पॉइंट
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने यूक्रेन संकट को लेकर देश को संबोधित किया है। उन्होंने कहा कि कि यूक्रेन पर रूस का हमला यूरोपीय इतिहास में 'टर्निंग पॉइंट' है। उन्होंने कहा कि रूस के युद्ध की इस हरकत के लिए वह बिना कोई ढील दिए कार्रवाई करेगा। 
बोरिस जॉनसन ने पुतिन को बताया 'तानाशाह'
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने यूक्रेन पर हमले को लेकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को चेतावनी दी है। उन्होंने पुतिन को तानाशाह करार दिया है और हमले को घिनौना बताया है। ब्रिटेन के पीएम ने कहा कि पश्चिमी देश जल्द ही रूस के खिलाफ बड़े प्रतिबंधों का एलान करने वाले हैं, क्योंकि हम इस संकट से मुंह नहीं फेर सकते। 
यूक्रेन से कतर पहुंचने वालों के लिए द्विपक्षीय हवाई सेवा शुरू होगी
यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए कतर में दूतावास भी सक्रिय हो गया है। ताजा बयान में कहा गया है कि भारत सरकार और नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने भारत-कतर द्विपक्षीय हवाई व्यवस्था के तहत यूक्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को पारगमन से यात्रा करने की अनुमति दी है। 
यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद भारतीय दूतावास ने एक दिन के अंदर ही अपने नागरिकों के लिए तीसरी एडवायजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि वे सभी नागरिक जिन्हें अपने क्षेत्रों में बम गिरने से जुड़े साइरन सुनाई दे रहे हैं, वे सभी लोग बंकरों में शरण लें। सभी नागरिकों को शांति आने तक बॉम्ब शेल्टर में छिपने के लिए कहा गया है।
रूस का बयान- हमारा अभियान यूक्रेन को नाजियों से आजाद कराने का
रूस के रक्षा मंत्रालय की तरफ से यूक्रेन पर हमले को लेकर सफाई जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि रूसी सेना का अभियान यूक्रेन को नाजियों से आजाद कराने का है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि कोई भी यूक्रेन पर कब्जे की बात नहीं कर रहा और रूस के संदर्भ में इस शब्द का इस्तेमाल गलत है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बयान
भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यूक्रेन संकट और वहां फंसे भारतीयों के रेस्क्यू को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले भी एडवाइजरी जारी की थी। सरकार चिंतित है, प्रयास जारी हैं। हमारी पूरी कोशिश है कि हमारे जो बच्चे वहां हैं उन्हें निकाला जाए। वहां स्थिति विषम है। प्लेन भेजा गया था, लेकिन प्लेन वहां उतारा नहीं जा सका। राजनाथ ने आगे कहा, "भारत चाहता है कि शांति कायम होनी चाहिए। बातचीत से हल निकाला जाना चाहिए। युद्ध की स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए, यही भारत की सोच है।"विदेश मंत्री डॉ एस. जयशंकर ने बताया है कि यूक्रेन संकट को लेकर उनकी यूरोपीय संघ के HRVP जोसेप बोरेल फोंटेल्स से फोन पर बात हुई है। यूक्रेन में गंभीर स्थिति और भारत कैसे डी-एस्केलेशन प्रयासों में योगदान दे सकता है, इस बारे में चर्चा की।
नाटो ने रूस के लिए जारी की चेतावनी
नाटो की रूस को चेतावनी- अपनी सेनाओं को यूक्रेन से निकालें और बातचीत की मेज पर वापस लौटें। रूस इतिहास को फिर से लिखने की कोशिश कर रहा है। हम यूक्रेन की स्वायत्ता के साथ हैं। हमने अपने रक्षा मुद्दों पर चर्चा की है। संकट के दौरान हमने गठबंधन के देशों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का फैसला किया है। हमने सीमाओं की सुरक्षा मजबूत की है। रूस की नीयत इस वक्त दुनिया देख रही है। 
यूक्रेन का हवाई मार्ग बंद, भारतीयों को निकालने के दूसरे रास्ते तलाश रहे: MEA
विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने कहा है कि विदेश मंत्रालय यूक्रेन से छात्रों सहित लगभग 18,000 भारतीयों को वापस लाने के लिए कदम उठा रहा है। यूक्रेन में हवाई क्षेत्र बंद है इसलिए भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। केंद्र सरकार सभी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। रूस के हमले के बीच यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए भारतीय दूतावास ने कोशिशें तेज कर दी हैं। कीव में भारतीय राजदूत पार्थ सतपति की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि हम इन मुश्किल हालात में भी मिशन मोड में काम कर रहे हैं। 
हम रूस के सामने नहीं झुकेंगे: यूक्रेन के राष्ट्रपति यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडाइमिर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस कितनी भी कोशिश क्यों न कर ले हम उसके सामने झुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हम रूस के हर हमले का करारा जवाब देंगे। 
( सोर्स- ANI व अन्य)

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129