दिल्ली। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वरिष्ठ विधायक डॉ. गोविंद सिंह को यह पद सौंप दिया है। गोविंद सिंह सात बार से विधायक हैं। लंबे समय से उन्हें नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने के लिए मांग चल रही थी।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर से आज डॉ. गोविंद सिंह के नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए। इसके मुताबिक कमलनाथ ने इस पद से इस्तीफा दे दिया है जिसे स्वीकार कर लिया गया है। इस तरह मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने चुनाव से पहले बड़ा फैसला लिया है। डॉ. गोविंद सिंह के नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने के मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि कमलनाथ ने पार्टी के एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत के तहत विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद से त्यागपत्र देने की पेशकश की थी। कमलनाथ कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। मध्य प्रदेश में 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें