भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार का 33 करोड़ कीमत वाला हेलीकाॅप्टर बेल 430 वीटी-एमपीएस भोपाल के कबाड़ी नईम रजा ने ढाई करोड़ में खरीद लिया है। राज्य सरकार पिछले सात सालों से इस हेलीकाॅप्टर को बेचने के लिए 7 बार टेंडर निकाल चुकी थी, दरअसल, इसकी ऑफसेट वेल्यू अधिक रखी जाने के कारण इसे खरीदने के लिए कोई ग्राहक रुचि नहीं दिखा रहा था।अब 7 साल बाद मध्यप्रदेश के स्टेट हेलीकाॅप्टर बेल 430 वीटी-एमपीएस को भोपाल के एक कबाड़ी नईम रजा ने खरीद लिया है। यह हेलीकॉप्टर दिग्विजय सिंह के शासनकाल में खरीदा गया था। इसकी निर्माता कंपनी राॅल्स रायस ने इसके पुर्जों का निर्माण बंद कर दिया है। इसके बाद से ही यह बेकार पड़ा है।
2003 में हुआ था दुर्घटनाग्रस्त: राज्य सरकार के बेल 430 वीटी-एमपीएस हेलीकाॅप्टर 2003 में उस समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जब ख्यात गायिका अनुराधा पौडवाल हेलीकाॅप्टर से एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहीं थीं। इस दुर्घटना में गायिका पौडवाल के साथ तत्कालीन सीएम दिग्विजय सिंह एवं निज सहायक राजेंद्र सिंह रघुवंशी भी घायल हुए थे।
नहीं मिला था क्लेम
दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद राज्य सरकार ने इसका क्लेम करने की कोशिश की, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली। जिसके बाद इसे रिपेयर कराया गया, लेकिन साल 2013 के बाद से इसकी उड़ान लगभग बंद है।
2016 से राज्य सरकार निकाल रही थी टेंडर
लंबे समय से राज्य सरकार इसे बेचने की कोशिश में जुटी थी। राज्य सरकार का विमानन विभाग साल 2016 से इस विमान को बेचने के लिए टेंडर निकाल रहा था। 7 साल पहले विभाग ने इसकी ऑफसेट प्राइज काफी कम रखी थी, लेकिन कम कीमत के बावजूद इसका खरीदार नहीं मिला। जिसके बाद इसकी बेस प्राइज कई बार घटती गई, लेकिन नीलामी नहीं हो सकी। इस बार इसकी ऑफसेट प्राइज 2 करोड़ 24 लाख रखी गई थी।
राज्य सरकार ने 33 करोड़ में खरीदा था हेलीकॉप्टर
स्टेट हेलीकॉप्टर बेल 430 वीटी-एमपीएस को राज्य सरकार ने 1998 में 33 करोड़ में खरीदा था। तब से इसे 20 साल से ज्यादा हो गए हैं। सरकार के लिए यह हेलीकॉप्टर कबाड़ हो चुका था।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें