लिस्ट से नाम गायब, गुस्से में लोग
वार्डों की मतदाता सूची में नामों की गड़बड़ी, नाम गायब और मतपर्चियों के वितरित न किए जाने से वोटरों में खासा रोष देखा जा रहा है। कई नाम मतदाता सूची से गायब हो गए हैं जबकि बीते 20 से 25 सालों से जो लोग अपने वार्ड में मतदान करते आ रहे थे उनके नाम अचानक से नगरपालिका के मतदाता सूची से गायब हैं और वे दूसरे भागों में शिफ्ट कर दिए गए हैं। यह कारनामा किस तरह से हुआ है यह कहना मुश्किल है लेकिन वार्डों के लिए तैनात किए गए बीएलओ आलोचना के जमकर शिकार हो रहे हैं। बता दें कि प्रत्येक वार्ड में 3 बीएलओ लोकसभा, विधानसभा और नगर पालिका की सूची तैयार करने के लिए तैनात किए गए थे। दरअसल यही से विसंगति हुई है और अब जबकि नगर पालिका के चुनाव हो रहे हैं तो लोगों के नाम ढूंढने से नहीं मिल रहे हैं। कई लोगों को उनके घरों तक पर्ची नहीं पहुंचाई जिससे लोगों में असंतोष दिखाई दिया।
बूथ गए पर खाली हाथ लौटे
कई लोगों ने बताया की उन्होंने सोचा था कि मतदान केंद्र पर जाएंगे और उन्हें वहां नाम मिल जाएगा जिसके बाद वह आसानी से वोटिंग कर देंगे लेकिन आज जब लोग मतदान करने के लिए बूथों पर पहुंचे तो वहां उन्हें जोरदार झटका लगा। मतदाता सूची में उनका नाम ही नहीं था।
अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉक्टर एसपीएस रघुवंशी दंपत्ति 11 की जगह 14 वार्ड में
विसंगति की बात करें तो शहर के अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉक्टर एसपीएस रघुवंशी और उनकी पत्नी वार्ड नंबर 11 में बीते कई सालों से वोटिंग कर रहे थे। आज जब कृष्ण पुरम के बूथ पर गए तो उनका नाम लिस्ट से गायब कर दिया गया और बताया की अब वार्ड 14 में वोट कीजिए। उनकी दोनों बहुओं के नाम मतदाता सूची में शामिल ही नहीं है जबकि उनका एक बेटा वार्ड नंबर 11 में है। इसी तरह के कई मतदाता परेशान दिखाई दिए।
बीमा अभिकर्ता चेतन सिंघल वार्ड 9 की लिस्ट से गायब
बीते 25 सालों से वार्ड 9 में मतदान करते आ रहे जाने-माने बीमा अभिकर्ता चेतन सिंघल भी खासे नाराज नजर आए। सुबह उठकर नहाए फिर सीधे मतदान के लिए बूथ पर जा पहुंचे। बूथ पहुंचने के बाद उन्होंने लिस्ट को चेक कराया तो उनका नाम ही मतदाता सूची में नहीं मिला। आलम यह हुआ कि सभी मतदाता सूचियों को जब उन्होंने बारीकी से देख लिया और नाम नहीं मिला तो गुस्से में घर लौट कर आए। उनका कहना था कि मैं अकेला नहीं बल्कि शहर के कई मतदाता ऐसे हैं जो बूथ पर मतदान करने के लिए पहुंचे थे लेकिन उन्हें वोट डालने के लिए नाम लिस्ट में नहीं मिला।
सूबेदार गायत्री इटोरिया ने किया मतदान
सूबेदार गायत्री इटोरिया ने भी मतदान किया। आज बूथ पर पहुंची और मतदान किया। उन्होंने कहा कि सभी को वोट डालना चाहिए मैंने अपना वोट डाल दिया है आप लोग भी जल्दी बूथ पर जाइए और मतदान कीजिए। लोकतंत्र में मिले इस अधिकार का सभी को उपयोग जरूर करना चाहिए।
वार्ड 3 में उत्साह के साथ होती दिखी वोटिंग
नगर के वार्ड क्रमांक 3 में लोगों में मतदान के लिए उत्साह देखा गया। वाहनों में सवार होकर लोग मत डालने के लिए बूथ पर पहुंच रहे थे। यहां का मतदान केंद्र लाल कॉलेज में रखा गया है जिसमें बड़ी संख्या में लोगों को वोट डालने के लिए जाते नजर आए। यहां नप अध्यक्ष की दौड़ में माने जारहीं दीप्ति भानु दुबे भी मौजूद थीं। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी विद्या रानी कुशवाहा और निर्दलीय प्रत्याशी तृप्ति विशाल वर्मा सहित मनोरमा अवस्थी भी नजर आए।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें