* परिषद में नजर नहीं आएंगे पार्षद पति
शिवपुरी। 'नगरपालिका में भाजपा की जीत को लेकर मन में कोई संदेह नहीं हैं, इस बार की परिषद नगर विकास के नजरिए से नए लुक में दिखाई देगी। महिला पार्षद खुद वार्ड की बागडोर संभालेंगी, पतियों का कोई काम नहीं होगा। निश्चित है की एक घर को स्वर्ग बनाने वाली महिला जब वार्ड और नगर को सवारने निकलेगी तो वह भी बेहतर बनेगा। इसी उम्मीद और आशा के साथ महिला पार्षदों को प्रशिक्षण के लिए भोपाल भेजा जाएगा। इंदौर की स्वक्षता को समझने के लिए भी टीम भेजी जाएगी।' ये बड़ी बातें मंत्री श्रीमंत यशोधरा राजे सिंधिया ने कुछ देर पहले मीडिया के समक्ष बातचीत में कहीं। उन्होंने कहा कि नपा चुनाव में भाजपा की जीत का मुझे विश्वास है कोई संदेह भी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि परिषद में भाजपा को बहुमत मिलेगा और अध्यक्ष भी भाजपा का बनेगा, साथ ही इस बार नगर पालिका अलग नजर आयेगी।
इसलिए देंगे प्रशिक्षण
जनसमस्याओं को महिला पार्षद ठीक से जान सकें, समझ सकें और उसका निदान कर सकें, साथ ही उनमें नेतृत्व के गुणों का भी विकास हो इसके लिए उन्हें प्रशिक्षण दिया जायेगा। साथ ही परिषद में इस बार पार्षद पति नजर नहीं आएंगे और नगर पालिका की कमान चुनी गई महिला पार्षदों के हाथों में रहेगी।
पिछले कार्यकाल में कांग्रेस ने कुछ भी नहीं किया
कत्थामिल पर आयोजित अनोपचारिक पत्रकारवार्ता में श्रीमंत ने जोर देकर कहा की पिछली कांग्रेस की परिषद में कोई काम नहीं हुआ, जिससे नगर में समस्याओं का अंबार है। इसी कारण उन्हें नगर के विकास में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
मीडिया के सहयोग की जरूरत
श्रीमंत ने शहर के विकास के लिए मीडिया से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के लिए वह हमेशा सचेत रहती हैं। चाहे कोरोना काल हो या बाढ़ की विभीषिका या कोई भी संकट की स्थिति, वह हर समय अपनी जनता के लिए सुलभ रहती हैं। लेकिन इसके बाद भी मीडिया की आलोचना से कभी-कभी वह विचलित हो जाती हैं।उन्होंने कहा कि थीम रोड़ के काम को उन्होंने एक चुनौती के रूप में स्वीकार किया और शिवपुरी को थीम रोड जैसी अनूठी और अनुपम सौगात दी। लेकिन उसके बाद भी यह कहा जा रहा है कि थीम रोड़ के निर्माण में डेढ़ साल की देरी हुई। शहर की साफ सफाई व्यवस्था, सड़कों पर गड्डे, नालों की सफाई आदि मुद्दों पर सोशल मीडिया में उन्हें अकारण निशाना बनाया जाता है। शायद इसका एक कारण संवादहीनता की स्थिति भी हो सकती है। लेकिन विकास और नगर के लिए बेहतर से बेहतर काम करने में वह कोई कसर नहीं छोड़ती।
जनहितैषी रूख की प्रशंसा
पत्रकारों ने भी उनके जनहितैषी रूख की प्रशंसा की और कहा कि मीडिया उन्हें निशाना नहीं बनाती बल्कि भ्रष्ट और अफसरशाही को कठघरे में खड़ा करती है। यह आलोचना उनकी नहीं है और आलोचनाओं को उन्हें सकारात्मक रूप से लेना चाहिए। ऐसे अधिकारी जो जनता के लिए काम नहीं कर रहे उन्हें शिवपुरी में रखने की जरूरत क्या है। पत्रकारों ने कहा इन्हीं बातों को मीडिया और सोशल मीडिया में लिखा जाता है ताकि किसी तरह से अधिकारियों के रवैये में सुधार हो। पत्रकारों ने मंत्री सिंधिया को आश्वस्त कि वह उनके द्वारा किए गए हर अच्छे काम की सराहना करते रहेंगे और जहां-जहां भी मार्गदर्शन और सलाह की आवश्यकता होगी, वह भी देने में संकोच नहीं करेंगे। श्रीमंत ने कहा कि मुझसे यदि सम्पर्क न हो पाए तो समस्याएं मेरे कार्यालय को भी बताई जा सकती हैं और उनका तुरंत निराकरण होगा।
तो नगर पालिका चुनाव में भाजपा के लिए कोई चुनौती नहीं होनी चाहिए ?
श्रीमंत ने पत्रकारों से कहा कि भाजपा के पास नरेंद्र मोदी जैसे यशस्वी प्रधानमंत्री हैं। जिनकी देश और विदेश में ख्याति है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जनहितैषी कार्यो को अंजाम देने के लिए जाने जाते हैं। आपकी विधायक के रूप में 24 घंटे मैं आपसे आपके सुख दुख में जुड़ी हूं। ऐसी स्थिति में तो नगर पालिका चुनाव में भाजपा के लिए कोई चुनौती नहीं होनी चाहिए। लेकिन जब सुनती हूं कि वार्डों में टक्कर है तो मुझे आश्चर्य होता है। इस पर पत्रकारों ने कहा कि परिणाम आने से पहले ऐसी चर्चाएं तो होती ही हैं। इससे परिणाम के प्रति दिलचस्पी बनी रहती है। लेकिन वोटर भी समझते हैं की जिसकी सरकार काम भी उसी के लोग करा सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें