विजयवाड़ा। सीताराम राजू की जन्मजयंती में शामिल होने सोमवार को विजयवाड़ा पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक नजर आई। उनका हेलीकॉप्टर जैसे ही उड़ा, आसमान में काले रंग के गुब्बारे नजर आए जोकांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए छोड़ दिए थे। पुलिस ने कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। पीएम आंध्र प्रदेश के दौरे पर हैं। इसी बीच आज विजयवाड़ा पहुंचे थे। जब हेलीकॉप्टर उड़ान भरने वाला था वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। उनके हाथ में काले गुब्बारे और प्लैसकार्ड थे। वे पीएम मोदी पर निशाना साधने वाले नारे भी लगा रहे थे। विजयवाड़ा के कमिश्नर कांथी राणा ने बताया कि पीएम के हेलिकॉप्टर से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुब्बारे छोड़े थे। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और केस भी दर्ज कर लिया गया है। अभी एक शख्स फरार बताया जा रहा है। प्रधानमंत्री आंध्र प्रदेश अल्लूरी सीताराम राजू की जन्मजयंती पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे थे। एलुरु रेंज के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल जी पाला राजू ने बताया कि कांग्रेस नेताओं ने विरोध का आह्वान किया था। सावधानी के तौर पर पुलिस ने धारा 30 और धारा 144 लगाई थी। पीएम मोदी के आने से पहले ही तीन कांग्रेस कार्यकर्ता सुंकारा पदमश्री, पार्वती और किशोर को एयरपोर्ट के पास काले गुब्बारे लेकर टहलते देखा गया था। पुलिस ने उन तीनों को गिरफ्तार कर लिया और विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। गन्नावरम एयरपोर्ट से उड़ान भरने के पांच मिनट बाद एयरपोर्ट से लगभग चार किलोमीटर की दूरी पर गुब्बारे उड़ते दिखायी दिए। दो कांग्रेस कार्यक्रता राजीव रतन और रवि प्रकाश ने एक निर्माणाधीन इमारत पर चढ़कर काले गुब्बारे छोड़े थे। राज्य में भाजपा अध्यक्ष सोमू वीरराजू ने इसका कड़ा विरोध किया और कहा कि यह प्रधानमंत्री के खिलाफ कांग्रेस की साजिश है।
मोदी ने किया संबोधित
पीएम मोदी ने स्वतंत्रता सेनानी राजू की 30 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। मोदी ने कहा कि आज एक ओर देश आजादी के 75 साल का अमृत महोत्सव मना रहा है, साथ ही अल्लूरी सीताराम राजू गारू की 125वीं जयंती का अवसर भी है। संयोग से, इसी समय देश की आजादी के लिए हुई 'रम्पा क्रांति' के 100 साल भी पूरे हो रहे हैं। कहा कि अल्लूरी सीताराम राजू गारू की 125वीं जन्मजयंती और रम्पा क्रांति की 100वीं वर्षगांठ को पूरे साल सेलिब्रेट किया जाएगा। पंडरंगी में उनके जन्मस्थान का जीर्णोद्धार, चिंतापल्ली थाने का जीर्णोद्धार, मोगल्लू में अल्लूरी ध्यान मंदिर का निर्माण, ये कार्य हमारी अमृत भावना के प्रतीक हैं। पीएम ने कहा कि आजादी का संग्राम केवल कुछ इलाकों का, या कुछ लोगों का इतिहास नहीं है। ये इतिहास, भारत के कोने-कोने और कण-कण के त्याग, तप और बलिदानों का इतिहास है। सीताराम राजू ने अपना जीवन आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए और देश की आजादी के लिए समर्पित कर दिया। राजू की जीवन यात्रा हम सभी के लिए प्रेरणा है।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें