शिवपुरी। फेसबुक पर शिवपुरी बचाओ नाम के पेज पर 19 अगस्त 2022 को सिंधिया राजपरिवार की सदस्य प्रदेश सरकार की मंत्री श्रीमंत यशोधरा राजे सिंधिया के खिलाफ पोस्ट किए जाने को लेकर नगर पालिका उपाध्यक्ष सरोज व्यास के पति रामजी व्यास के विरुद्ध भादवि की धारा 153 और 506 का केस कोतवाली में दर्ज किया गया है।
पुलिस में यह दिया था आवेदन
बता दें की फरियादी विपुल जैमिनी और केपी परमार ने कोतवाली पुलिस को आवेदन दिया कि फेसबुक पर शिवपुरी बचाओ नाम के ग्रुप पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी कर राजनीतिक व सामाजिक व्यक्तियों का चरित्र हनन किया जा रहा है और इससे सामाजिक और राजनीतिक वैमनस्यता फैल रही है। शांति भंग की आशंका है।
19 अगस्त 2022 को सिंधिया राजपरिवार के खिलाफ इस ग्रुप पर नगर पालिका उपाध्यक्ष सरोज व्यास के पति रामजी व्यास द्वारा प्रदेश सरकार की मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के खिलाफ अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी की। यशोधरा राजे सिंधिया से हमारी विशेष आस्थाएं जुडी हैं। ऐसी अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल की गई। इससे सामाजिक और राजनीतिक वैमन्सयता और आपसी शंका का वातावरण पैदा हुआ है और शांति भंग की संभावना है। दोनों फरियादियों ने यह भी बताया कि आरोपी रामजी व्यास द्वारा टिप्पणी किए जाने के 10 मिनट के बाद उनके पुत्र ने फेसबुक पर लिखा कि उनके पिता की आईडी हैक कर ली गई है। यह सोचा समझा राजनीतिक षड्यंत्र है। इनके विरुद्ध केस दर्ज किया जाए। टी आई सुनील खेमरिया ने बताया की इसी के तहत केस दर्ज किया गया हैं।
ये कहना हैं रामजी व्यास का
मेरा फेसबुक पर कोई ग्रुप नहीं है। 19 अगस्त को मेरी मोबाइल की बैटरी डाउन थी, मैं घर पर ही था। नपा उपाध्यक्ष पद पर मेरी पत्नी की जीत के लिए बधाई देने के लिए 10.20 लोग आए थे। रात को मेरे पुत्र ने बताया कि उनके नाम से सोशल मीडिया पर कोई पोस्ट डाली गई है। मैंने इंकार किया कि मैंने कोई पोस्ट नहीं डाली।
मेरे मोबाइल को हैक कर किसी ने पोस्ट डाली है। तुरंत पोस्ट डिलीट कर दी गई। इसके बाद भी मुझ पर प्रकरण कायम हुआ तो इसे मैं कृपा प्रसाद के रूप में लेता हूं। वैसे संविधान में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सभी को है। जिन दो मंडल अध्यक्षों ने मुझ पर प्रकरण दर्ज कराया है, वह मुझसे राजनीतिक दुर्भावना रखते हैं। मेरे और भाजपा के कई प्रत्याशियों को हराने के लिए उनके ही मंडल पदाधिकारी विभिन्न वार्डों में चुनाव लड़े थे।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें