Responsive Ad Slot

Latest

latest

धमाका धर्म: घर से लेकर मंदिरों में श्री कृष्ण जन्माष्टमी की धूम, बच्चों में भी उत्साह, कोई बना कृष्ण तो कोई सुदामा

शुक्रवार, 19 अगस्त 2022

/ by Vipin Shukla Mama
Shivpuri। सनातन परंपरा के अनुसार भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को भगवान श्री कृष्ण ने पृथ्वी पर अवतार लिया था। यही कारण है कि कृष्ण भक्त इस दिन पूरी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ जन्मोत्सव मनाते हैं और उनकी विधि-विधान से पूजा करते हैं। जिले भर में लोग उत्साह से जन्माष्टमी मना रहे हैं। मंशापूर्ण, चिंताहरण मंदिर पर भजन संध्या आयोजित की जा रही हैं। लोगों ने व्रत रखकर जन्माष्टमी मनाई हैं और रात को भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जायेगा। 
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती सिंधिया ने क्षेत्रवासियों को दी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं
 एवं युवा कल्याण तकनीकी शिक्षा कौशल विकास एवं रोजगार विभाग मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने शिवपुरी अंचल के सभी निवासियों को पावन पर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर अपनी शुभकामनाएं एवं हार्दिक बधाई दी हैं।
मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर अपने संदेश में उल्लेख किया है कि भगवान श्री कृष्ण द्वारा बताए गए गीता के मार्ग पर चलकर अपना लक्ष्य निर्धारण करना चाहिए और कृष्ण जन्माष्टमी त्यौहार से हमें प्रेरणा प्राप्त कर उत्साह का संचार करना चाहिए। साथ ही जनहित में सतत सेवाभावी कार्यों पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
बच्चे बने कृष्ण, सुदामा
नगर में बच्चों में भी जन्माष्टमी का भरपूर उत्साह देखने को मिला। उन्होंने अलग अंदाज में जन्माष्टमी मनाई। इसी क्रम में कुँवर शोर्यवर्धन सिंह ने कृष्ण रूप रखा तो और अपने बाल सखा सुदामा के साथ नजर आए। जबकि दूसरी तरफ नन्हीं वैदेही शर्मा भी सजी सवारी खूब लग रही थी। 
आज कब और कैसे मनाएं जन्माष्टमी, जानें लड्डू गोपाल की पूजा विधि 
सनातन परंपरा के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र के संयोग में हुआ था लेकिन इस साल यह संयोग नहीं बन पा रहा है। चूंकि विद्वानों के अनुसार किसी भी पर्व में तिथि का ज्यादा महत्व होता है, इसलिए उदया तिथि में लगने वाली अष्टमी तिथि को मानते हुए आज कान्हा का जन्मोत्सव आधी रात के समय मनाना सबसे उत्तम रहेगा।
यह हैं पूजन सामग्री
गंगाजल, कान्हा के वस्त्र, आसन, चौकी, सिंहासन, धूप, दीप, रुई, कपूर, केसर, हल्दी, चंदन, यज्ञोपवीत, रोली, खीरा, पंचामृत, शहद, दूध, दही, गाय का घी, अक्षत, मक्कखन, मिश्री, भोग सामग्री, तुलसी दल, पीले पुष्प, कमल का फूल, पान, सुपारी, खड़ा धनिया, पंचमेवा, छोटी इलायची, लौंग, मौली, इत्र, नारियल, आदि।
कैसे करें पूजा जानिए
जन्माष्टमी के दिन प्रात:काल स्नान-ध्यान के बाद कान्हा के लिए रखे जाने वाले व्रत को विधि-विधान से करने का संकल्प लेकर अपने मंदिर की सफाई करके सभी देवी-देवताओं के साथ भगवान कृष्ण का धूप-दीप दिखाकर पूजन करें। इसके बाद पूरे दिन व्रत रखें और मन में कृष्ण के मंत्र मन में जपते रहें। जन्माष्टमी के व्रत में दिन में फलाहार ले सकते हैं। इसके बाद रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की सारी तैयारी करने के बाद भगवान श्रीकृष्ण को दूध, दही, शर्करा, शहद, घी, गंगाजल आदि से स्नान कराएं और उन्हें पोंछने के बाद वस्त्र आदि पहनाकर सिंहासन पर विराजित करें. इसके बाद भगवान श्री कृष्ण की प्रिय चीजें जैसे बांसुरी, मोर मुकुट, वैजयंती माला, तुलसी की माला आदि से उनका श्रृंगार करें. फिर अपने लड्डू गोपाल का केसर, हल्दी आदि से तिलक करें और पुष्प, प्रसाद आदि चढ़ाएं. इसके बाद अर्द्धरात्रि के समय का इंतजार करते हुए भजन और कीर्तन करें और जैसे ही कान्हा का जन्म हो उन्हें एक बार फिर भोग आदि लगाकर उनकी आरती और जयजयकार करें। अंत में कान्हा के प्रसाद को अधिक से अधिक लोगों को बांटें और स्वयं भी ग्रहण करें।
क्या मिलता हैं फल
शास्त्रों में जन्माष्टमी पर्व की पूजा, जप और व्रत करने का अनंत फल प्रदान करने वाला बताया गया है। मान्यता है कि इस व्रत को करने पर भगवान कृष्ण की कृपा से व्यक्ति की 21 पीढ़ियां तर जाती हैं। जन्माष्टमी के व्रत को करने वाले को संतान सुख की प्रापित होती है और उसके जीवन से जुड़े सभी सुख और रोग-शोक दूर हो जाते हैं। जन्माष्टमी का व्रत अकाल मृत्यु और गर्भपात जैसी विपदाओं से बचाने वाला माना गया है। कान्हा के लिए रखे जाने वाले जन्माष्टमी व्रत से कलह और कष्ट दूर हो जाते हैं। मान्यता है कि विष्णुसहस्त्रनाम के पाठ का फल जन्माष्टमी पर सिर्फ एक बार भगवान कृष्ण का पवित्र नाम लेने से मिल जाता है। 
विशेष - उक्त जानकारी संकलन के आधार पर है, अधिक जानकारी के लिए विप्र जनों से जान सकते हैं। 









कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129