Ujjain उज्जैन। उज्जैन पहुंचते ही पीएम नरेंद्र मोदी मंगलवार को सबसे पहले महाकाल मंदिर पहुंचे और पूजन किया। गर्भगृह में बैठकर जाप किया फिर बाहर आए और फिर नंदी जी के पास बैठकर प्रार्थना की।मंदिर में पुजारी ने पीएम को रुद्राक्ष की माला पहनाई, मंत्रोच्चार के साथ त्रिपुंड लगाया। इस तरह महाकाल लोक का आज पीएम मोदी ने लोकार्पण किया। बाद में इ-कार्ट वाहन में बैठकर पूरे परिसर का अवलोकन किया। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल मंगुभाई पटेल, सीएम शिवराज सिंह, केंद्रीय मंत्री द ग्रेट ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद रहे।
पीएम मोदी ने हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के साथ संबोधन शुरू करते हुए कहा कि, उज्जैन जो हजारों वर्षों से भारतीय काल गणना का केंद्र बिंदु रहा है वो आज एक बार फिर भारत की भव्यता के एक नए कालखंड का उदघोष कर रहा है। उज्जैन की यह ऊर्जा, आशा, महाकाल की यह महिमा। महाकाल के लोक में सबकुछ अलौकिक है। मैं आज यह महसूस कर रहा हूं, महाकाल का आशीर्वाद जब मिलता है तो काल की रेखाएं मिट जाती हैं। महाकाल लोक की यह भव्यता भी समय की सीमाओं से परे आने वाली पीढि़यों को दर्शन कराएगी। मैं राजाधिराज महाकाल के चरणों में नमन करता हूं। देश और दुनिया में महाकाल के भक्तों को बधाई देता हूं।
भारत के लिए धर्म का अर्थ है हमारे कर्तव्यों का सामूहिक संकल्प। हमारे संकल्पों का ध्येय है विश्व का कल्याण। मानव मात्र की सेवा। पीएम ने कहा हमारी आस्था के केंद्र जागृत हैं। अतीत हमने देखा है। प्रयास हुए, सत्ताएं बदलीं, भारत का शोषण भी हुआ, आजादी भी गई। आक्रमणकारियों ने उज्जैन की उर्जा को कलुषित करने का प्रयास भी किया, लेकिन हमारे ऋषियों ने कहा महाकाल शिव की शरण में मृत्यु भी हमारा क्या करेगी। इसलिए यह नगरी अपनी आस्था के केंद्र अपनी उर्जा से फिर जीवंत हो उठी। हमने फिर काल के कपाल पर कालातीत अस्तित्व का लेख लिख दिया। एकमात्र ऐसे ज्योतिर्लिंग, जो दक्षिणमुखी
पीएम मोदी ने कहा कि उज्जैन में एकमात्र ऐसे ज्योतिर्लिंग हैं जो दक्षिणमुखी हैं, यह शिव के ऐसे स्वरूप हैं जिनकी भस्म आरती विश्व में प्रसिद्ध है। यहां की भस्मारती के हर भक्त दर्शन करना चाहता हैं। इस परंपरा में भारत की जीवटता और अपराजेय अस्तित्व को भी देखता हूं। हमारे ज्योतिर्लिंग का विकास भारत का आध्यात्मिक विकास है। भारत का आध्यात्मिक दर्शन एक बार फिर शिखर पर पहुंचकर विश्व के मार्गदर्शन के लिए तैयार हो रहा है।
भारत अपनी सांस्कृतिक व आध्यात्मिक चेतना के स्थलों का पुनर्निर्माण कर रहा है
पीएम मोदी ने कहा कि भारत अपनी सांस्कृतिक व आध्यात्मिक चेतना के स्थलों का पुनर्निर्माण कर रहा है। सोमनाथ, केदारनाथ, बदरीनाथ धाम में नवनिर्माण, अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण तथा चारधाम निर्माण प्रोजेक्ट में ऑल वेदर रोड बन रही है। आजादी के अमृत काल में भारत ने गुलामी की मानसिकता से मुक्ति और अपनी विरासत पर गर्व जैसे पंचप्राण का आह्वान किया है। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण पूरी गति से हो रहा है। काशी में विश्वनाथ धाम सांस्कृतिक गौरव बढ़ा रहा है। सोमनाथ, केदारनाथ में विकास के नए अध्याय लिखे जा रहे हैं। जब हम उत्तर से दक्षिण तक, पूरब से पश्चिम तक, अपने प्राचीन मंदिरों को देखते हैं, तो उनका सांस्कृतिक वैभव, उनकी विशालता व वैज्ञानिकता हमें आश्चर्य से भर देती है। महाकाल लोक अतीत के गौरव के साथ भविष्य के स्वागत के लिए तैयार हो गया है। हम उत्तर से दक्षिण, पूर्व से पश्चिम तक अपने प्राचीन मंदिर को देखते हैं तो उनकी विशालता, उनका वास्तु हमें आश्चर्य से भर देती है। यह भारत का अमृत महोत्सव का काल है। इस अमृत काल में यह राष्ट्र अपनी सांस्कृतिक चेतना का पुनः आह्वान कर रहा है। देश भर के विभिन्न प्राचीन मंदिरों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा हमारे ऋषि-मुनियों, विद्वानों ने प्राचीन काल में बिना तकनीक और आधुनिकता के ही ऐसे विराट निर्माण कैसे निर्माण किए होंगे, यह देखकर दुनिया चकित होती है। उन्होंने कहा उज्जैन की ये ऊर्जा, ये उत्साह। अवंतिका की ये आभा, ये अद्भुतता, ये आनंद। महाकाल की ये महिमा, ये महात्म्या। 'महाकाल लोक' में लौकिक कुछ भी नहीं है। शंकर के सानिध्य में साधारण कुछ भी नहीं है। सब कुछ अलौकिक है, असाधारण है। अविस्मरणीय है, अविश्वसनीय है।
शिवपुरी में महाकाल लोक कॉरिडोर लोकार्पण का सीधा प्रसारण हुआ
शिवपुरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंगलवार को भगवान श्री महाकाल की नगरी उज्जैन में महाकाल लोक कॉरिडोर लोकार्पण कार्यक्रम का स्थानीय सिद्धेश्वर मंदिर मे एलईडी के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम से पहले विष्णु मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई । उक्त कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम, राज्यमंत्री प्रहलाद भारती, नपा अध्यक्ष गायत्री शर्मा, महामंत्री पृथ्वीराज जादौन, गगन खटीक, उपाध्यक्ष हेमंत ओझा, मंजुला जैन, कार्यालय सह मंत्री मनोज शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी विकास दंडोतिया, सोशल मीडिया प्रभारी जितेंद्र राठौर, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा शिवहरे, युवा मोर्चा अध्यक्ष नवनीत सेन, नगर मंडल अध्यक्ष विपुल जैमिनी, केपी परमार, मंडल महामंत्री गिर्राज शर्मा, संजय गौतम, हरिओम राठौर सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें