सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समा, अतिथियों ने दिए प्रेरक भाषण
शिवपुरी। प्रदेश के 10 संभागों से 66 वी राज्य स्तरीय शालेय हैंडबॉल प्रतियोगिता में शामिल होने आए 640 खिलाड़ी शुक्रवार को अपनी टीम की पोशाकों में फिजिकल कॉलेज ग्राउंड में प्रतियोगिता के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां इन खिलाड़ियों ने बैंड की धुन पर कदमताल करते हुए मार्च पास्ट किया व मंच पर मौजूद मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही नपा अध्यक्ष गायत्री शर्मा, विशिष्ट अतिथि मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राज्य मंत्री दर्जा प्रहलाद भारती, भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरवीर सिंह रघुवंशी, भाजपा उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता, पार्षद नीलम बघेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष केपी परमार व विपुल जैमिनी सहित महामंत्री गिर्राज शर्मा ने सलामी ली। इससे पूर्व ध्वज फहराकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने किया। जिला शिक्षा अधिकारी समर सिंह राठौर ने अपने स्वागत भाषण में प्रदेश भर से आए खिलाड़ियों व अतिथियों का स्वागत किया।
खेलों से होता है मानवीय मूल्यों का विकास
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने कहा कि खेल सिर्फ शारीरिक और मानसिक विकास ही नहीं करते बल्कि समर्पण, विश्वास एकाग्रता,सजगता जैसे मानवीय मूल्य व गुण भी विकसित होते हैं। नपा अध्यक्ष गायत्री शर्मा ने कहा कि ये खेल प्रतियोगिताएं सिर्फ खेल भावना ही विकसित नहीं करती बल्कि इन्हीं में से कल के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी निखर कर सामने आते हैं जो देश व प्रदेश का नाम रोशन करते हैं। पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष प्रहलाद भारती ने भी अपने संक्षिप्त और प्रेरणादायक उद्बोधन से बच्चों की हौसला अफजाई की ।भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम ने "डीडी" और "पीपी" शब्दों के गठजोड़ से खिलाड़ियों को खेल के दौरान अनुशासन,धैर्य व समर्पण का संदेश दिया ।कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने खिलाड़ियों को शपथ दिलाई व जिला क्रीड़ा अधिकारी महेंद्र सिंह तोमर ने आभार व्यक्त किया कार्यक्रम का संचालन गिरीश मिश्रा हेमलता चौधरी व बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर ने किया।इस दौरान प्रमुख रूप से बीईओ मनोज निगम, प्राचार्य जगदीश मकवाना, डी आर कर्ण, आर पी जाटव, शिवपुरी बीईओ राजेश कम्ठान, बीआरसीसी बालकृष्ण ओझा,विमल श्रीवास्तव ,अशोक शाक्य ,प्रचार-प्रसार समिति के भगवती प्रसाद शर्मा, नीरज सरैया सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
कहते हैं हमको सब प्यार से इंडिया वाले....
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी स्कूल की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी इस दौरान उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं ने घूमर नृत्य प्रस्तुत किया तो हाई स्कूल फिजिकल कॉलोनी की छात्राओं ने कालबेलिया नृत्य की प्रस्तुति दी। शहर के ही कन्या आदर्श नगर पुरानी शिवपुरी की छात्राओं ने बेहद जोशीले अंदाज में चक दे इंडिया.. और कहते हैं हमको प्यार से इंडिया वाले... गीत पर हॉकी लेकर प्रस्तुति दी तो पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें