Responsive Ad Slot

Latest

latest

धमाका बड़ी खबर: ब्राह्मण महाकुंभ में CM का ऐलान, परशुराम जयंती पर रहेगा प्रदेश में अवकाश, पुजारियों को हर महीने 5 हजार

रविवार, 4 जून 2023

/ by Vipin Shukla Mama
भोपाल। भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित ब्राह्मण महाकुंभ में प्रदेश के मुखिया सीएम शिवराज सिंह ने एलान किया की भगवान परशुराम जयंती पर प्रदेश में अवकाश रहा करेगा। साथ ही जिन मंदिरों के पास कृषि भूमि नहीं है, वहां के पुजारियों को हर महीने 5 हजार रुपए दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने मंदिरों के सर्वे कराने की मांग भी स्वीकार की। साथ ही संस्कृत विद्यालय के 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को 8 हजार रुपए, 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को 10 हजार रुपए प्रदान किए जायेंगे। 
सीएम ने कहा, यह हम पहले तय कर चुके हैं कि पाठ्य पुस्तकों में भगवान परशुराम जी की गाथा पढ़ाई जाएगी। मंदिरों की कोई जमीन अब कलेक्टर नीलाम (कोली/बटिया) नहीं करेगा, पुजारी जी करेंगे। ब्राह्मण आयोग के गठन की मांग पर कहा, कोई दिक्कत नहीं है। इसके लिए डिस्कस करेंगे। भोपाल में ब्राह्मण समाज के बच्चों के लिए छात्रावास की मांग पर बोले, उपलब्धता के आधार पर जमीन की व्यवस्था की जाएगी। गरीब परिवार के मेधावी विद्यार्थी की पढ़ाई चाहे मेडिकल की हो, इंजीनियरिंग की हो, फ्री में कराई जाएगी।
टिकिट, अध्यक्ष जी जानें
समाज के लोगों को टिकट की मांग पर CM बोले- ये अध्यक्ष जी जानें। लेकिन, पर्याप्त नेतृत्व रहे, इस बात की चिंता मैं भी करूंगा। 
मध्यप्रदेश में लव तो चल सकता है, लेकिन जिहाद किसी भी कीमत पर नहीं 
सीएम लव जिहाद पर भी सख्त दिखे। कहा- मध्यप्रदेश में लव तो चल सकता है, लेकिन जिहाद किसी भी कीमत पर नहीं चलने दिया जाएगा। इस तरह की हरकत करने वाले नेस्तनाबूद कर दिए जाएंगे। यह मैं वचन देता हूं। ऐसी चीजें हम मध्यप्रदेश की धरती पर नहीं होने देंगे।
जगद्गुरु शंकराचार्य बोले, मंदिरों पर शासन का अधिकार सरकार को नहीं
ब्राह्मण महाकुंभ में द्वारिकापीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज ने कहा, मंदिरों पर शासन करने का अधिकार सरकार को नहीं है। धर्मनिरपेक्ष सरकार किसी भी
मंदिर का अधिग्रहण कैसे कर सकती है। ब्राह्मणों में अनेकता होने के कारण दूसरे लोग आप पर शासन करते हैं। जिस समाज में सभी नेता बन जाते हैं, वो समाज उत्थान नहीं कर पाता। ब्राह्मण हर पार्टी में चला गया है। अब दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अपने समाज का उत्थान करें। धर्म परिवर्तन पर बात रखते हुए जगद्गुरु ने आगे कहा, जिस जाति से आपके माता-पिता हैं, वह जाति कभी परिवर्तित नहीं की जा सकती। इसलिए किसी को भी धर्म परिवर्तन करने की आज्ञा प्रदान नहीं की जाती है। उन्होंने कहा, जिस धर्म में हम पैदा हुए हैं, क्या उसके गुण-दोष जानते हैं? जिस धर्म का त्याग कर रहे हैं, उसमें क्या कमी है या क्या गुण और दोष हैं? और जिस धर्म में जा रहे हैं, उसके गुण या दोष जानते हैं? गुण और दोष का निर्णय करने में बौद्धिक समझ है क्या? इसी अज्ञानता के कारण लव जिहाद जैसे षड्यंत्र किए जा रहे हैं। इस बात का ख्याल रखिए कि राम हमारे आराध्य हैं, आराध्य थे और रहेंगे। कुछ लोग चाहते हैं कि तुमसे भगवान छीन लिए जाएं, लेकिन परमात्मा हमसे दूर नहीं जा सकता और हम उसके बिना नहीं रह सकते।
BJP प्रदेशाध्यक्ष बोले, लव जिहाद पर गंभीरता से मंथन की जरूरत
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ब्राह्मण समाज कमजोर नहीं है। इस देश में शासन व्यवस्था को दिशा देने का काम ब्राह्मण ने किया है। लव जिहाद के बारे में गंभीरता से मंथन करने की जरूरत है। धर्म संस्कृति के लिए हमें अपने परिवारों को संभालने की जरूरत है। ऐसे आतातायी लोग, जो समाज के अंदर इस प्रकार की चीजें करते हैं, ब्रह्म समाज के लोगों को इसके लिए ताकत के साथ खड़ा होने की जरूरत है। नहीं तो हम केवल भाषण देते रहेंगे, नीचे जमीन खत्म हो जाएगी।
रामेश्वर शर्मा ने कहा, अब हिंदुस्तान की बेटी बाबर - अकबर को नहीं ब्याही जाएगी
भोपाल की हुजूर सीट से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा, हिंदुस्तान की बेटी, बाबर-अकबर के यहां नहीं ब्याही जाएगी। अब राम-श्याम के यहां ब्याही जाएगी। अभी तो राम का मंदिर बनना शुरू हुआ है, चिंता मत करो, हर मंदिर बनेगा। भोपाल दक्षिण-पश्चिम से विधायक पीसी शर्मा ने कहा, राम के साथ सीता को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले गरीब बच्चों की फीस सरकार को भरनी चाहिए।
















कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129