विधानसभा चुनाव 2023 करीब आ पहुंचे हैं, पार्टियां विसात बिछाने में जुट गई हैं। इसी क्रम में एमपी की सत्ता में वापसी का इंतजार कर रही कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को अपने प्रचार अभियान की शुरुआत जबलपुर से की। कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने जबलपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। पूरे शहर में प्रियंका गांधी के स्वागत के लिए पोस्टर लगाए गए थे। प्रियंका गांधी की सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रियंका गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आपके साथ पिछले 18 साल से गलत हो रहा है। आपका इस्तेमाल हुआ आपका शोषण हो रहा है। प्रियंका ने कहा कि 2018 में आप लोगों ने कांग्रेस की सरकार को चुना लेकिन धन-बल से जनादेश को कुचल दिया गया। 2018 में आपने हमारी सरकार बनाई थी, लेकिन जोड़-तोड़ और पैसे से भाजपा के लोगों ने हमारी सरकार तोड़ी और अपनी बना ली। आपका कुछ फायदा होता तो समझ में आता। प्रियंका ने कहा इन्होंने महाकाल को नहीं छोड़ा। हवा से मूर्तियां उड़ रही हैं। इन्होंने भगवान को भी नहीं छोड़ा। राज्य में तकरीबन हर महीने एक नया घोटाला हो रहा है। प्रियंका ने कहा- आज मैं कुछ गारंटी दे रही हूं। वे गारंटी जो हम 100 प्रतिशत पूरा करेंगे। यही वादा हमने कर्नाटक में किया। वहां की सरकार ने आते ही बिल पास कर दिया।
प्रियंका गांधी ने की पांच घोषणाएं
*हर महीने महिलाओं को 1500 रुपए दिए जाएंगे।
*गैस सिलेंडर 500 रु. का मिलेगा।
*100 यूनिट बिजली फ्री। 200 यूनिट हाफ होगी।
*मध्यप्रदेश में पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे।
*किसान कर्जमाफी का काम पूरा करेंगे।कमलनाथ ने किया स्वागत
प्रियंका गांधी का स्वागत करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ खुद एयरपोर्ट पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस के तमाम बड़े नेता मौजूद थे। प्रियंका गांधी ने सबसे पहले मां नर्मदा की पूजा की। रानी दुर्गावती की प्रतिमा में माल्यार्पण करने के बाद प्रियंका गांधी सभा स्थल पहुंची। प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस लंबे समय से तैयारी कर रही थी।
आखिर महाकोशल ही क्यों
प्रियंका गांधी की सभा के लिए महाकौशल को चुना गया है। महाकौशल में विधानसभा की 38 सीटें हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने यहां अच्छा प्रदर्शन किया था। 2023 में भी कांग्रेस इसी प्रदर्शन को दोहरना चाहती है। राज्य में बीते साल हुए नगरीय निकाय चुनाव में भी कांग्रेस को जबलपुर में जीत मिली थी। जिसके बाद से कांग्रेस का फोकस लगातार महाकौशल है। छिंदवाड़ा भी महाकौशल क्षेत्र में आता है।
पत्रकार को खुद उठाकर दिया जूता
प्रियंका गांधी जबलपुर में पैदल जा रही थी। तभी भीड़ में धक्का-मुक्की के दौरान जब एक व्यक्ति गिर गया और उसका जूता निकल गया तो प्रियंका गांधी ने खुद उस व्यक्ति का जूता उठाकर दिया। बताया जा रहा हैं कि वह पत्रकार था।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें