घटना रविवार सुबह तब घटी जब मॉर्निंग वॉक से पुष्पा सिंह अपने घर लौट रही थीं तभी एक बदमाश ने उनके गले से चैन छीनी और दूसरे बदमाश की बाइक पर बैठकर भाग निकला। पुलिस सीसीटीवी की सहायता से बदमाशों की तलाश में जुटी हैं। बता दें की शिवपुरी जिले के मूल निवासी शिवराज सिंह वर्मा वर्तमान में खरगोन में कलेक्टर हैं। वह ग्वालियर में ADM रह चुके हैं। यहां सिरोल स्थित पॉश टाउनशिप विंडसर हिल्स H-30 में उनकी पत्नी पुष्पा सिंह रहती हैं। वे रोज की तरह रविवार को भी सुबह 6.40 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। कलेक्टोरेट पहाड़ी तक वॉक करने के बाद वह वापस लौट रही थीं। तभी एमपीसीटी कॉलेज के सामने विंडसर हिल्स रोड पर एक बदमाश पैदल चलते हुए पीछे से आया। वह कुछ समझ पातीं, इससे पहले बदमाश ने झपट्टा मार कर गले से सोने की चेन छीन ली। चेन छीनकर भाग रहे लुटेरे का पीछा करते हुए पुष्पा सिंह ने शोर मचाया। कुछ ही दूर बदमाश का साथी बाइक स्टार्ट कर खड़ा था। बदमाश साथी की बाइक पर बैठकर मॉडल टाउन की तरफ भाग निकला। पुष्पा सिंह ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी कराने के साथ ही सर्चिंग की। घटना का पता चलते ही पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंचे। बदमाशों की तलाश के लिए एक टीम विश्वविद्यालय थाने से और दूसरी टीम क्राइम ब्रांच की लगाई है। दोनों टीमों ने 25 से ज्यादा पॉइंट पर CCTV खंगाल लिए हैं, लेकिन बदमाशों का पता नहीं लग सका। इधर पुष्पा सिंह ने बताया कि चेन लूटने वाला बदमाश दुबला-पतला, सांवले रंग का युवा था। लूटी गई चेन करीब डेढ़ तोला वजनी थी। उसमें सोने का पेंडल भी था। सीएसपी रत्नेश तोमर ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही, आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें