शिवपुरी। लोकसभा-राज्यसभा के 142 सांसदों के निलंबन के विरोध में आज शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी शिवपुरी ने गांधी पार्क के गांधी समाधि स्थल पर जिला स्तरीय पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने लोकतंत्र पर अभूतपूर्व हमला कर आश्चर्यजनक रूप से संसद के राज्यसभा और लोकसभा के दोनों सदनों के 142 सांसदों को निलंबित कर लोकतंत्र के साथ घिनौना कृत्य किया है। भाजपा द्वारा संसद में बिल को पास कराने को लेकर साजिश रची गई थी। इसी के विरोध में आज इंडिया एलायंस पार्टियों की बैठक में सर्वसम्मति से पारित निर्णय अनुसार देश की सभी प्रदेश कांग्रेस इकाइयों द्वारा भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेश एवं जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया गया है। आज किए गए विरोध प्रदर्शन में जिला व शहर कांग्रेस अध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधायक एवं पूर्व विधायक, मोर्चा संगठन और विभाग के अध्यक्ष मौजूद रहे।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में मिली हार का मुद्दा गरमाया रहा। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीप्रकाश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस लगातार ईवीएम की वजह से हारती आ रही है। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में जहां कांग्रेस की मजबूत स्थिति थी वहां कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी जो युवा चेहरा था क्षेत्र के चहेते थे उनकी तक हार हो गई। शिवपुरी की दो विधानसभाओं (शिवपुरी और कोलारस) में कांग्रेस की इतनी बड़ी हार ये किसी साजिश की ओर इशारा है। एक्जिट पोल में भी कांग्रेस मजबूत थी लेकिन ईवीएम के चलते हार का सामना करना पड़ा।
कांग्रेस के सर्वे पर उठाए सवाल
शिवपुरी विधानसभा सीट पर केपी सिंह कक्काजू को मिले टिकट के दौरान कांग्रेस के सर्वे पर भी प्रश्न चिन्ह लगाते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीप्रकाश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस द्वारा किए गए सर्वे उनकी समझ से परे रहा। चुनाव के कुछ दिन पहले ऐसे नाम को कांग्रेस शिवपुरी ले आई। जिनका नाम सर्वे और जनता के बीच दूर-दूर तक नहीं था। वहीं शिवपुरी विधानसभा से अपना टिकट नहीं मिलने पर पूर्व विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने कहा कि एकाएक पार्टी का निर्णय आया था। जिसे सभी ने स्वीकार किया था। ऐसा मेरे साथ ही नहीं कई लोगों के साथ हुआ है। लेकिन रिजल्ट आने के बाद उन्हें लगता है कि पार्टी को हुई चूक पर एक बार विचार करना चाहिए।
पोहरी विधायक बोले- भ्रष्टाचार और नशामुक्ति रहेगी प्राथमिकता
आज धरना प्रदर्शन में पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह भी पहुंचे हुए थे। विधायक ने कहा कि वर्षों से सरकुला डेम के नाम पर क्षेत्र में भाजपा राजनीति करती आ रही थी। उनकी प्राथमिकता रहेगी कि डेम का कार्य उनके कार्यकाल में पूरा हो जाए। इसके अतिरिक्त क्षेत्र को भ्रष्टाचार और नशे का अड्डा बनाकर रखा गया था। दोनों को ही खत्म करने के प्रयास उनके द्वारा शुरू कर दिए गए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें