शिवपुरी। गुना-शिवपुरी लोकसभा से कांग्रेस से उम्मीदवार राव यादवेंद्र सिंह यादव आज सोमवार को शिवपुरी पहुंचे। इस दौरान राघोगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने एक दिन पहले शिवपुरी ब्लॉक, शिवपुरी ग्रामीण और खोड़ सेक्टर के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने पिछोर पहुंचकर पिछोर एवं भौंती के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद खनियाधाना पहुंचकर खनियाधाना और बामौरकला ब्लॉक के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
दूसरे दिन कांग्रेस से उम्मीदवार राव यादवेंद्र सिंह यादव भाजपा प्रत्याशी सिंधिया पर हमलावर रहे। उन्होंने बिना नाम लिए उन्हें अहंकारी, गद्दार तक कहा, लोकतंत्र विरोधी का आरोप मढ़ा, कहा की हम सभी ने मिलकर किस किसान के बेटे को इस इलाके से जिताया उसका टिकिट कटवा दिया। राव ने ये बात किसे लेकर कही समझ से परे क्योंकि बीजेपी पिछले चुनाव में जीती थी। उन्होंने कहा की जिस सरकार को मेहनत से बनाया उसी को गिराकर लोकतंत्र की हत्या की और मंत्री बन बैठे। ऐसे अहंकारी को जनता इस बार फिर परास्त करेगी।
मकड़ी खुद फसेगी जाल में
कहा कि सिंधिया जी ने खुद को मकड़ी बताया है उन्हें नहीं पता कि वह किस टाइप के जानवर हैं। उन्हें सिर्फ इतना पता है कि वह खुद के बिछाए जाल में खुद फसेंगे। राव यादवेंद्र सिंह यादव ने अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार अगर हम लोकतंत्र और संविधान को नहीं बचा पाए तो भाजपा आगामी समय में लोकतंत्र और संविधान को खत्म कर देगी। ऐसे में आने बाली पीढ़ी के सामने हम जबाब नहीं दे पाएंगे। इसलिए इस बार का चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिवपुरी की जनता को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया है।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें