Responsive Ad Slot

Latest

latest

किसान ने तौल में गड़बड़ी करने वाले व्यापारियों को पकड़ा, दर्ज कराया केस, मंडी से मंहगा भाव देने का लालच देकर किसानों के साथ तौल में करते थे गड़बड़ी

बुधवार, 22 मई 2024

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी। शिवपुरी जिले के नरवर में फसल की खरीदी में किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाले चार गल्ला व्यापारियों के खिलाफ  नरवर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। जिन पर केस दर्ज हुआ वे व्यापारी अनाज मंडी फसल लेकर पहुंचने वाले किसानों को मंडी के बाहर रोककर मंडी भाव से ज्यादा में अनाज खरीदी का लालच देकर उनकी फसल की तौल में गड़बड़ी कर देते थे। लेकिन इन गल्ला व्यापारियों की करतूत को एक किसान ने पकड़ कर उजागर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक सिहोर थाना क्षेत्र के छितरी निवासी किसान बसंत बघेल 16 मई को अपनी गेंहू की करीब 80 क्विंटल फसल ट्रॉली में भरकर बेचने नरवर की अनाज मंडी के लिए निकला था लेकिन उसे मंडी के बाहर कुछ गल्ला व्यापारियों ने रोक लिया। जहां व्यापारियों ने किसान को मंडी भाव से 40 रुपये बढ़कर भाव देने की बात कही, साथ ही ज्यादा भाव देने के कारण टैक्स चोरी करना बताया। इसके बाद किसान व्यापारियों के कहने पर अपनी गेंहू की फसल को लेकर अंगोलीचक के फड़ पर पंहुचा। जहां इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर तौल के दौरान उसकी फसल 61 क्विंटल बताई गई। जब किसान बसंत ने फसल का वजन ज्यादा होने की बात कही तो चारों व्यापारियों ने सही तोल का हवाला देते हुए किसान को भगा दिया। लेकिन किसान बसंत को शंका हो रही थी। अपनी शंका को दूर करने किसान बसंत ने अगले दिन 17 मई को खाली छोटे लोडिंग वाहन का नरौआ मील के धर्म कांटे पर पहुंचकर वजन कराया। इसके बाद वह घर से गेंहू और सरसों की फसल लोडिंग वाहन में भरकर लाया और उसी नरौआ मील के धर्म कांटे पर वजन कराया। जहां उसकी फसल का कुल वजन 11 क्विटंल 90 किलो निकला। इसके बाद अपनी शंका को दूर करने के लिए किसान बसंत उन्हीं चार गल्ला व्यापरियों के अंगोलीचक के फड़ पर पहुंचा। जहां किसान ने अपनी गेंहू और सरसों की फसल को बेचने के लिए व्यापारियों के इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर तुलवाया था, लेकिन उसकी फसल का वजन घटकर 10 क्विंटल 9 किलो रह गया। धर्मकांटे पर तुलाई गई फसल में 1 क्विटंल 81 किलो का अंतर था। अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत किसान ने नरवर थाने में पहुंचकर दर्ज कराई  साथ ही उक्त व्यापारियों द्वारा कई किसानों के साथ धोखाधड़ी कर चुके है यह भी किसान ने पुलिस को बताया।
नरवर थाना पुलिस ने किसान बसंत बघेल की शिकायत पर गल्ला खरीदी में धोखाधड़ी करने बाले डबरा निवासी गजेन्द्र झा, दीपक झा, कल्याण साहू और मगरौनी के रहने वाले लाखन उर्फ लखन गुर्जर के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।















कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129