दुल्हन के सजने-संवरने के लिए परिवार ने गार्डन से करीब 200 मीटर दूर स्थित ब्यूटी पार्लर पर बुकिंग कर रखी थी। काजल शाम 5 बजे अपनी 4 चचेरी बहन नेहा, मुस्कान, वंदना और अनुष्का के साथ पॉर्लर पहुंची थी। यहां पर काजल को तैयार किया जा रहा था।
बहन बोलीं- दीदी को कट्टा निकालकर गोली मार दी
बहन नेहा और अनुष्का ने बताया- दीदी तैयार हो ही चुकी थी, बस थोड़ा सा काम बाकी था। हम गार्डन के लिए निकलते इसके पहले ही रात करीब 10 बजे हमारे पड़ोस में रहने वाला दीपक आ गया। उसने ब्यूटी पार्लर का गेट खोला और काजल दीदी से बातचीत करने लगा। बोला- मेरे साथ चलो। दीदी ने मना कर दिया। इसके बाद पार्लर वाली दीदी ने दीपक को बाहर निकालकर गेट बंद कर दिया। हम चार बहनें और पॉर्लर की तीन दीदियां भीतर थीं।
दीदी के बाहर निकालने पर दीपक गुस्से से चिल्लाने लगा। उसने चिल्लाते हुए गेट का शीशा तोड़ दिया। धमकी दी कि तू मेरी नहीं होगी तो किसी और की भी होने नहीं दूंगा। हुए गेट के भीतर दाखिल हुआ और कमर से कट्टा निकालकर दीदी को गोली मार दी। उसने दो गोली मारी, जिससे दीदी जमीन पर गिर पड़ी। उसने हमें भी धमकाया। कहा- मैं तुम सबको मारकर जाऊंगा। यह सब देखकर हम काफी डर गए। 5 मिनट में घटना को अंजाम देने के बाद दीपक कट्टा लिए बाहर निकला और भाग गया। चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस वाले पहुंचे। हमने भाई और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दीदी को अस्पताल ले जाया गया।
आधे रास्ते से लौटी बारात
दुल्हन को गोली लगने की सूचना मैरिज गार्डन तक पहुंची तो यहां अफरा-तफरी मच गई। मां को खबर मिली तो वह बेहोश हो गई। नेहा के साथ चचेरी बहनें सहमी हुई थीं। बहन अनुष्का और वंदना भी बदहवास हो गईं परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। दुल्हन के मर्डर की खबर वर पक्ष तक पहुंची तो वे आधे रास्ते से वापस लौट गए।
छह दिन पहले बेटी को लेकर गया था आरोपी मां रानी जाटव का कहना है कि बेटी तो दुनिया छोड़ कर चली गई। मेरा तो सब कुछ लूट गया है, जो मेरे साथ हुआ है। वहीं, आरोपी के घरवालों के साथ होना चाहिए। आरोपी का भी वही हश्र हो, जो उसने मेरी बेटी के साथ किया।
उन्होंने बताया कि आरोपी दीपक पड़ोस में ही रहता है। अभी 6 दिन पहले ही जब परिवार के सभी लोग सो रहे थे, तब आरोपी बेटी को झांसे में लेकर अपने साथ ले गया था। पुलिस की मदद से ग्वालियर से बेटी को वापस घर लेकर आए थे। इसके बाद हमने बेटी को झांसी में उसके मामा के घर पहुंचा दिया था।
वहीं से बेटी की शादी हो रही थी, लेकिन वहां पहुंचकर उसने मेरी बच्ची को मार डाला। दीपक ने हम लोगों को पहले भी धमकाया था। कहा था कि वह काजल की शादी होने नहीं देगा। इसकी कारण हम उसकी शादी झांसी में आकर कर रहे थे।रानी ने बताया कि पति राजकुमार किसान हैं। काजल तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। बड़ा बेटा विकास और छोटा विशाल है। काजल ने 9वीं तक पढ़ाई की थी।
आरोपी लड़की से शादी करना चाहता था
पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी दीपक काजल को पसंद करता था। वह कॉलेज में है। वह उससे शादी करना चाहता था। वह कई बार कोशिश कर चुका था, हालांकि परिवारवाले उसे पसंद नहीं करते थे। उसे पता चला गया था कि काजल की रविवार को झांसी से शादी हो रही है। इस कारण रविवार शाम को वह दोस्तों के साथ झांसी पहुंचा। उसे पता था कि लड़की सजने के लिए पॉर्लर जाएगी। उसने कहीं से पॉर्लर की भी जानकारी जुटा ली थी। शाम करीब 5 बजे से वह गार्डन के आसपास घूम रहा था। परिचितों ने उसे देखा भी था। वह इस दौरान पार्लर के बाहर भी कई चक्कर लगा चुका था।
गांव के कोटवार इंदर सिंह का कहना है कि जो भी हुआ, बहुत गलत हुआ है। गांव में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। लड़का और लड़की दोनों की अच्छी दोस्ती थी। करीब 7 दिन पहले दोनों कहीं चले गए थे। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। पुलिस ने पकड़ा तो लड़की बोली- मर्जी से गई थी। लड़की की शादी होनी थी। लड़का वहां पहुंचा और गोली मार दी।
पुलिस की दो टीमें मध्य प्रदेश भेजी गईं
एसएसपी राजेश एस ने बताया- आरोपी दीपक पीछा करते हुए झांसी तक आया था। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की 5 टीमें गठित की गई हैं। दो टीमों को दतिया भेजा गया है। सीसीटीवी की मदद से आरोपी को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। आरोपी किस गाड़ी से आया था और उसके साथ कौन-कौन था, इसका भी पता लगाया जा रहा है। उसकी मोबाइल कॉल डिटेल भी निकाली जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें