सागर। सागर जिले के शाहपुर में दीवार गिरने से 9 बच्चों की मौत हो गई। 2 घायल हैं। बच्चों की उम्र 8 से 15 साल के बीच है। हादसा रविवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। जेसीबी से मलबा हटाकर शव और घायलों को निकाला गया। हरदौल मंदिर में शिवलिंग निर्माण और भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को बड़ी संख्या में बच्चे आए थे। वे जहां बैठे थे, उससे लगे मकान की दीवार ढह गई। सरकार ने इस मामले में दो अफसरों को निलंबित कर दिया है। जबकि कलेक्टर, एसपी को हटा दिया गया हैं।सागर के शाहपुर में मकान की दीवार गिरने से जान गंवाने वाले 9 में से 7 बच्चे परिवार में इकलौते बेटे थे। इनमें से एक बच्चा तो 4 बहनों में अकेला भाई था। राखी से पहले अपने भाइयों को खोने वाली बहनों और मां-पिता के आंसू नहीं थम रहे। पूरे शाहपुर में मातम है। बाजार बंद है।
लोगों ने बताया कि दो मंजिला मकान 50 साल पुराना है। दीवार में बड़ी दरार थी। पहले भी कुछ ईंटें गिरी थीं, लेकिन इसे तोड़ा नहीं गया। दरार में सीमेंट भर दिया गया। इस मकान में रहने वाला परिवार बहुत पहले ही दूसरे मकान में शिफ्ट हो चुका था।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें