Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका बड़ी खबर: कांग्रेस के पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह आए शिवपुरी, द ग्रेट सिंधिया पर किया कटाक्ष, बोले, "यहां के नेताओं को जनता का दर्द समझ नहीं आता", बीजेपी के तीन गुट

मंगलवार, 21 जनवरी 2025

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी। कांग्रेस के पूर्व मंत्री और राधौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह आज मंगलवार को शिवपुरी पहुंचे। यहां उन्होंने 27 जनवरी को भारत रत्न बाबा साहब की जन्म स्थली महू इंदौर में होने वाले कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। साथ ही आमजन से संविधान रचयिता के सम्मान में अधिक अधिक संख्या में महू पहुंचने का आह्वान किया। विधायक जयवर्धन सिंह ने केंद्र सरकार के साथ साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर हमला बोला। साथ ही पार्टी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के गुटबाजी खत्म करने के बयान को अपने अंदाज में पेश करते हुए कहा कि देश ही नहीं बल्कि विदेश में पार्टी कोई भी हो गुटबाजी सभी में होती है। लेकिन हमारे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू जी ने कांग्रेस में गुटबाजी खत्म करने की बात कही ये बात ठीक है। बता दें कि एक तरफ जयवर्धन सिंह अपनी ही पार्टी में गुटबाजी को लेकर सफाई देने की मुद्रा में दिखाई दिए तो दूसरी तरफ उन्होंने शिवपुरी में भाजपा पर गुटबाजी के आरोप मढ़े। उन्होंने कहा कि शिवपुरी में भाजपा तीन धड़ों में बट चुकी है। यहां संगठन के लोगों और मूल भाजपाईयों को दरकिनार कर पैकेज पर आए पूर्व कांग्रेसी नेता जसवंत जाटव को जिला अध्यक्ष बना दिया गया है। जबकि, जसवंत जाटव को जिला अध्यक्ष बनाने पर करैरा विधायक रमेश खटीक ने विरोध किया था। इसके बावजूद नियम विरुद्ध नियुक्ति की गई।
पीएम मोदी के साथ गृहमंत्री शाह पर बोला हमला
पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने पीएम मोदी के साथ गृहमंत्री शाह पर हमला बोला और कहा कि इतिहास गवाह है कि, आजादी के बाद प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी से पहले 15 प्रधानमंत्री और रह चुके हैं। ना जाने कितने गृहमंत्री बने लेकिन अब तक किसी ने भी संविधान लिखने वाले बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर पर टिप्पणी नहीं की। लेकिन, दो माह पहले भारत के गृह मंत्री अमित शाह द्वारा संसद में बाबा साहब के खिलाफ टिप्पणी की गई। उनकी इस टिप्पणी से देश की जनता में आक्रोश हैं। आज भारत के संविधान के वजह से ही भारत मजबूत स्थिति में हैं। अन्य देश भी भारत के संविधान की तारीफ करते हैं। आज बाबा साहब के लिखे संविधान की वजह से देश का हर नागरिक सुरक्षित हैं।
पाकिस्तान के पास भारत जैसा संविधान नहीं, इसके चलते आज पाकिस्तान की गिनती आतंकियों में
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भारत और पाकिस्तान अलग अलग हो गए थे लेकिन, पाकिस्तान के पास भारत जैसा संविधान नहीं था। इसके चलते आज पाकिस्तान की गिनती आतंकियों में होती हैं। जबकि भारत राष्ट्र पटल पर अपनी अलग पहचान रखता है। यह सब संविधान की देन है। इधर, भाजपा संविधान को बदलने की कोशिश में लगी हुई है। भाजपा के बड़े नेता ने चार सौ सीट आने पर संविधान को बदलने की बात कर दी थी। इसके बाद भी भाजपा लगातार संविधान को बदलने की बात को लेकर अलग अलग प्रयोग करती रहती है।
द ग्रेट सिंधिया पर कटाक्ष, रोजगार के अवसर को ना बढ़ाते हुए यहां टाइगर छोड़े जा रहे
विधायक जयवर्धन ने पूर्व विधायक वीरेंद्र रघुवंशी के उसी बयान को फिर से दोहराया जिसे लेकर द ग्रेट ज्योतिरादित्य सिंधिया पहले ही अपनी बात कह चुके हैं। जिसमें उन्होंने रोजगार को टारगेट किया था और द ग्रेट सिंधिया ने कहा था कि "शायद लोग नहीं जानते कि देश के कान्हा, रणतंबौर ही नहीं बल्कि दक्षिण अफ्रीका की आजीविका पर्यटन पर आश्रित है। जिन्होंने ज्योति का प्रकाश नहीं देखा वे ही ऐसी बात करते हैं।" खैर आज विधायक जयवर्धन ने द ग्रेट सिंधिया को लेकर कहा कि "यहां के नेताओं को जनता का दर्द समझ नहीं आता हैं। शिवपुरी-झांसी लिंक रोड़ इसका उदाहरण हैं। यहां कई वर्षों से यह सड़क खराब पड़ी हैं। जनता सड़क पर उतरकर प्रदर्शन भी कर चुकी हैं। लेकिन, नेताओं को कोई परवाह नहीं हैं। शिवपुरी में रोजगार की कमी हैं। इसके बावजूद रोजगार के अवसर को ना बढ़ाते हुए टाइगर छोड़े जा रहे हैं। टाइगर रिजर्व बनाने के लिए कई गांव खाली करवा लिए गए, लेकिन उन्हें मुआवजा नहीं दिया गया।" इस मौके पर कांग्रेस नेता अशोक सिंह, वीरेंद्र रघुवंशी सहित जिलाध्यक्ष विजय सिंह चौहान सहित कई नेता मौजूद थे।
27 जनवरी को महू में होगी विशाल सभा
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जय बापू, जय भीम, जय संविधान को मानने वाली है। इसी के चलते 27 जनवरी को कांग्रेस भारत रत्न बाबा साहब की जन्म स्थली महू में विशाल सभा करने वाली है। इस कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद प्रियंका गांधी जैसे कांग्रेस के बड़े नेता जुटेंगे। इसकी तैयारी के लिए पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में हर जिलों में बैठक ली जा रही हैं।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129